गैंगवार की पृष्ठभूमि पर बन रही बड़ी हिंदी फीचर फिल्म “शिकार”,हरिद्वार समेत उत्तराखण्ड के कलाकारों को मिलेगा सुनहरा मंच,प्रदेश की फिल्म इंडस्ट्री के लिए नई शुरुआत का बड़ा संकेत,
HARIDWAR CRIME NEWS
उत्तराखण्ड की फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बेहद उत्साहजनक और सकारात्मक खबर सामने आई है। देवभूमि की पावन धरती पर जल्द ही गैंगवार की पृष्ठभूमि पर आधारित हिंदी फीचर फिल्म “शिकार” की शूटिंग शुरू होने जा रही है। खास बात यह है कि इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में हरिद्वार सहित उत्तराखण्ड के स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे प्रदेश की छिपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद जगी है।
सूत्रों के मुताबिक, फिल्म “शिकार” का निर्माण ग्राफिक इंडिया फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म की निर्माता टीना चौधरी और निर्देशक विनीत चौधरी हैं। फिल्म की आधिकारिक घोषणा जल्द होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म साउथ स्टाइल पैटर्न पर आधारित होगी, जिसमें अपराध, गैंगवार, तीखे संघर्ष, भावनात्मक उतार-चढ़ाव और एक सशक्त सामाजिक संदेश का प्रभावशाली मिश्रण देखने को मिलेगा।
फिल्म में मुख्य भूमिका में नजर आएंगे अभिनेता अक्षर भारद्वाज, जो पिछले कई वर्षों से मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। वे कई बड़े अभिनेताओं के साथ महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुके हैं और अपने सशक्त अभिनय से अलग पहचान बना चुके हैं। अब वे उत्तराखण्ड की धरती पर एक दमदार किरदार के साथ दर्शकों के बीच आने के लिए तैयार हैं।साथ ही हरिद्वार के एक जर्नलिस्ट भी इस फ़िल्म मे एक अहम किरदार निभाते नजर आने वाले है,
बताया जा रहा है कि इस फिल्म के बाद इसी बैनर तले ओर इसी टीम के साथ कई और फिल्मी प्रोजेक्ट्स पर काम किया जाएगा, जिनमें उत्तराखण्ड के कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। अक्षर भारद्वाज का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल एक फिल्म बनाना नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रतिभाशाली कलाकारों को एक मजबूत मंच देना है। उनका मानना है कि उत्तराखण्ड में अपार अभिनय क्षमता मौजूद है, लेकिन उचित अवसर और मार्गदर्शन के अभाव में कई कलाकार पीछे रह जाते हैं। “शिकार” के माध्यम से ऐसे कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
फिल्म की शूटिंग हरिद्वार और आसपास के आकर्षक और प्राकृतिक लोकेशनों पर की जाएगी, जिससे प्रदेश की सुंदर वादियां भी बड़े पर्दे पर दिखाई देंगी। इससे न केवल स्थानीय कलाकारों को लाभ होगा, बल्कि उत्तराखण्ड में फिल्म निर्माण गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
कुल मिलाकर, “शिकार” उत्तराखण्ड फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक नई उम्मीद, नई दिशा और नई ऊर्जा का प्रतीक बनकर सामने आ रही है। अब सभी की नजरें इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट पर टिकी हैं कि यह कब फ्लोर पर जाती है और दर्शकों को किस तरह का रोमांचक और प्रभावशाली अनुभव देती है।
