शिवालिक नगर कार के महंगे म्यूजिक सिस्टम को ठीक कराने के नाम पर लापरवाही का आरोप,65 से 70 हजार का नुक्सान और चोरी,वाहन स्वामी ने एसएसपी हरिद्वार से लगाई न्याय की गुहार
HARIDWAR CRIME NEWS
हरिद्वार के शिवालिक नगर क्षेत्र में एक निजी कार सर्विस सेंटर सिंह कार जोन पर म्यूजिक सिस्टम का एक स्पीकर ठीक कराने के दौरान कथित तकनीकी लापरवाही और कीमती उपकरण गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़ित वाहन स्वामी ने पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपते हुए दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार 19 जनवरी को वाहन स्वामी अपनी Chevrolet कार के एक स्पीकर में आ रही ऑडियो संबंधी समस्या को ठीक कराने के लिए BHEL शिवालिक नगर स्थित एक सिंह कार जोन सर्विस सेंटर पहुंचे थे। बताया गया कि वाहन के चार स्पीकरों में से एक कार्य नहीं कर रहा था। आरोप है कि मामूली खराबी को दूर करने के प्रयास में तकनीकी मानकों की अनदेखी की गई, जिसके चलते पूरा म्यूजिक सिस्टम ही निष्क्रिय हो गया जो काफी कीमती है
पीड़ित के अनुसार कार्य के दौरान शॉर्ट सर्किट जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई और वाहन से धुआं निकलने लगा। संभावित आग की आशंका को देखते हुए म्यूजिक सिस्टम ठीक कर रहे ज्वालापुर निवासी राजा नामक इलेक्ट्रोशियन द्वारा वायरिंग हटाई गई, जिससे पूरा ऑडियो सिस्टम ही ठप हो गया। वाहन स्वामी का दावा है कि मरम्मत कार्य किसी प्रशिक्षित तकनीशियन के बजाय एक अनुभवहीन व्यक्ति को सौंपा गया, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
मामले ने उस समय नया मोड़ लिया जब वाहन स्वामी को संदेह हुआ कि कार का एक कीमती स्पीकर गायब है। इस संबंध में राजा नामक इलेक्ट्रोशियन से पूछताछ करने पर स्पष्ट जवाब नहीं मिला। वाहन स्वामी का कहना है कि संबंधित ऑडियो सिस्टम एक विशेष मॉडल का है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 65 से 75 हजार रुपये के बीच बताई जा रही है और इसके पुर्जे आसानी से उपलब्ध भी नहीं हैं।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पिछले एक माह से उन्हें गुमराह करते हुए आश्वासन दिया जाता रहा कि दूसरा नया या पुराना सिस्टम मंगवाकर लगाया जाएगा, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उनका यह भी कहना है कि बार-बार संपर्क करने पर उन्हें टालमटोल जवाब दिए गए।ओर अब ज्वालापुर निवासी राजा नामक मैकेनिक ना तो कोई कॉल उठा रहा है ओर ना ही कोई सम्पर्क कर रहा है, जबकि वह एडवांस मे ही उनसे हजारों रूपये लेबर चार्ज भी कर चूका है,
उक्त परिस्थितियों से क्षुब्ध होकर वाहन स्वामी ने एसएसपी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आर्थिक नुकसान की भरपाई, कथित चोरी की जांच, महंगे सामान की तोड़फोड़ और संबंधित व्यक्तियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।
फिलहाल प्रकरण जांच के अधीन बताया जा रहा है। यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं होती है तो वाहन स्वामी ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की भी बात कही है। यह मामला वाहन मरम्मत केंद्रों में तकनीकी दक्षता और जवाबदेही को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर रहा है।
