संपत्ति को लेकर विवाद, बुजुर्ग ने बेटे-बहू समेत पांच के खिलाफ एसएसपी से लगाई गुहार..बताया जान ओर माल का खतरा
HARIDWAR CRIME NEWS
हरिद्वार। रोशनाबाद की सूर्यनगर कॉलोनी निवासी एक 56 वर्षीय व्यक्ति ने अपने बेटे और बहू समेत पांच लोगों पर मारपीट, प्रताड़ित करने, संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार से करते हुए सिडकुल थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच के निर्देश देने की मांग की है।
शिकायतकर्ता राकेश पुत्र पुरुष का कहना है कि वह मूल रूप से छन्नोंक, थाना नगीना सोती, जिला बिजनौर का रहने वाला है और वर्तमान में सूर्यनगर कॉलोनी रोशनाबाद में रह रहा है। उसके मुताबिक पिछले करीब दो वर्षों से बेटे सूरज पाल और बहू नीतू पाल के साथ उसका विवाद चल रहा है। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ कई बार अभद्र व्यवहार किया गया और घर में मारपीट भी की गई।
शिकायत में राकेश ने यह भी आरोप लगाया है कि उसकी बहू की ओर से दहेज से संबंधित शिकायतें पुलिस में दी गई थीं, जिनकी जांच के दौरान आरोप गलत पाए जाने की बात सामने आई। इसके बावजूद उसके साथ कथित रूप से विवाद और उत्पीड़न का सिलसिला जारी रहा।
पीड़ित के अनुसार, जब उसने इन परिस्थितियों का विरोध किया तो बेटे के ससुर नरेंद्र पाल समेत कुछ अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि उस पर अपनी संपत्ति बहू नीतू पाल के नाम करने के लिए दबाव बनाया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने इस संबंध में रोशनाबाद कोर्ट चौकी में भी प्रार्थना पत्र दिया था।
राकेश ने दावा किया है कि करीब छह-सात माह पूर्व भी उसके साथ कई बार हमला किया गया था। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन उसके अनुसार बाद में भी उसे धमकियां मिलती रहीं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बीते करीब एक सप्ताह से उसे लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है। कथित तौर पर उस पर संपत्ति नीतू पाल के नाम करने का दबाव बनाया जा रहा है और ऐसा नहीं करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने अथवा जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
बुजुर्ग ने अपनी जान और संपत्ति को खतरा बताते हुए एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। शिकायत में सूरज पाल, नीतू पाल, नरेंद्र पाल और रोहित पाल समेत पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
