नवोदय नगर–हेत्तमपुर की नदियों में अवैध खनन का बड़ा नेटवर्क सक्रिय, रातभर गूंज रही ट्रैक्टरों की आवाज, संबंधित विभाग पर उठे सवाल,रात के अंधरे मे उड़ाई जा रही खनन के नियमों की धज्जियाँ,
HARIDWAR CRIME NEWS
हरिद्वार। नवोदय नगर और रोशनाबाद के हेत्तमपुर क्षेत्र की नदियों में अवैध खनन का खेल एक बार फिर तेज हो गया है। स्थानीय सूत्रों और क्षेत्रवासियों का आरोप है कि खनन माफिया सुनियोजित तरीके से रात के अंधेरे का फायदा उठाकर दर्जनों ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं। यह सिलसिला रोजाना रात करीब 8 बजे से शुरू होकर सुबह 4 बजे तक जारी रहता है, जिससे पूरे इलाके में ट्रैक्टरों की गड़गड़ाहट गूंजती रहती है।
हैरानी की बात यह है कि जिस क्षेत्र में अवैध खनन किया जा रहा है, वहां से जिले के कई बड़े अधिकारियों के आवास और सरकारी दफ्तर ज्यादा दूर नहीं हैं। इसके बावजूद खनन माफिया बेखौफ होकर सक्रिय हैं। क्षेत्र में एंटी माइनिंग टीम की तैनाती होने के बावजूद नदियों में खुलेआम ट्रैक्टरों की आवाजाही प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खनन का यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई के अभाव में माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
अवैध खनन का असर सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर पर्यावरण पर भी पड़ रहा है। लगातार खनन से नदी का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ रहा है, जिससे कटाव और जलस्तर पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में क्षेत्र को गंभीर पर्यावरणीय नुकसान झेलना पड़ सकता है।
दूसरी ओर, अवैध खनन के जरिए बड़े पैमाने पर राजस्व चोरी का खेल भी चल रहा है, जिससे सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रातभर चलने वाले ट्रैक्टरों से न सिर्फ उनकी नींद प्रभावित हो रही है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ठोस कदम उठाएगा, ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था के साथ-साथ पर्यावरण की भी रक्षा हो सके।
