त्योहारों के मद्देनज़र सिडकुल पुलिस ने की सघन पैदल गश्त, अतिक्रमण हटवाए, बढ़ाई गई निगरानी के चलते कई मोटरसाइकिलें सीज, 30 चालान जारी हरिद्वार।
HARIDWAR CRIME NEWS
SIDCUL / आगामी दशहरा और दीपावली पर्व को देखते हुए जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर सभी थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में गहन पैदल गश्त करने के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में 30 सितम्बर 2025 को सिडकुल थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रावली महदूद बाजारों में पैदल गश्त अभियान चलाया।
अतिक्रमण हटाए गए, संदिग्ध वाहनों की हुई चेकिंग….
त्योहारों में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य बाजार मार्गों से अतिक्रमण हटवाया गया, ताकि पैदल चलने वालों और खरीदारों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इसके साथ ही पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों से जुड़े दोपहिया वाहनों की गहन चेकिंग की।
10 मोटरसाइकिलें सीज, 30 कानूनी कार्रवाई……
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 संदिग्ध मोटरसाइकिलों को सीज किया। कुल 30 कानूनी कार्रवाई की गई, जिनमें 12 चालान माननीय न्यायालय को प्रेषित किए गए जबकि 8 चालान मौके पर ही निपटाए गए। यह कार्रवाई यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए की गई।
त्योहारों पर बढ़ाई जाएगी निगरानी……
सिडकुल पुलिस ने बताया कि आगामी दिनों में भी इसी तरह पैदल गश्त और सघन चेकिंग अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। त्योहारों के दौरान खरीदारी करने वाले आमजन को सुरक्षित और सुगम माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर पैनी निगरानी रखी जा रही है, ताकि त्योहारों का माहौल शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण बना रहे।
